देहरादून, 25 जून। उत्तराखंड सरकार में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव का देहरादून आगमन पर पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। यह भेंट वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) स्थित अतिथि गृह में संपन्न हुई।

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय मंत्री को श्री केदारनाथ जी की प्रतिकृति एवं उत्तराखंड में उत्पादित मिलेट (मोटा अनाज) आधारित उत्पादों की विशेष किट भेंट की। दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड से संबंधित पर्यावरणीय, कृषि, वानिकी और जलवायु परिवर्तन से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी तथा देहरादून छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद गुप्ता भी उपस्थित रहे।

यह शिष्टाचार भेंट राज्य एवं केंद्र सरकार के बीच समन्वय तथा पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और किसानों के हित में साझा योजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

By admin