एमआरपी के महत्व और दुरुपयोग पर छात्रों ने रखे बेबाक विचार
ग्राहक पंचायत के छात्र संवाद एवं वाद-विवाद कार्यक्रम में एमआरपी व्यवस्था पर बनी जागरूकता की रणनीति
रुद्रपुर। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में शनिवार को सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के बीबीए विभाग के सभागार में एमआरपी (अधिकतम खुदरा मूल्य) विषय पर छात्र संवाद एवं वाद-विवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने एमआरपी की उपयोगिता, बाजार में इसके महत्व और निर्माता कंपनियों द्वारा इसके कथित दुरुपयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करना और एमआरपी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए व्यावहारिक सुझाव प्राप्त करना था। वाद-विवाद के माध्यम से विद्यार्थियों के सामने यह विषय रखा गया कि किसी वस्तु की बिक्री में एमआरपी क्यों आवश्यक है, इससे उपभोक्ताओं को क्या लाभ मिलता है और वर्तमान बाजार व्यवस्था में कुछ निर्माता कंपनियां किस प्रकार एमआरपी का दुरुपयोग कर रही हैं। इस दिशा में ठोस रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
वाद-विवाद में छात्राओं जसनूर कौर, खुशी राठौर, तनवीर कौर, प्रियंका पांडे, अनुष्का सिंह और प्रियंका गंगवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने वर्तमान बाजार परिस्थितियों का आकलन करते हुए उपभोक्ता हितों से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। छात्राओं ने अपने तर्कों के माध्यम से एमआरपी की पारदर्शिता, उपभोक्ताओं के अधिकारों और बाजार में जिम्मेदार व्यापारिक व्यवहार की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अवधेश नारायण सिंह, ग्राहक पंचायत के संरक्षक कल्याण सिंह, क्षेत्र संगठन मंत्री लाखन सिंह, प्रांत उपाध्यक्ष भूपेंद्र गंगवार एवं जिला सचिव अशोक गावड़ी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने उपभोक्ता जागरूकता को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही बाजार में होने वाली अनियमितताओं के खिलाफ प्रभावी भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन ग्राहक पंचायत के जिला अध्यक्ष डॉ. हेमंत सिंह चौहान ने किया। जिला सह सचिव महेंद्र प्रताप मंगला ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
इस दौरान बीबीए विभागाध्यक्ष भरत सिंह राजपूत, प्रवक्ता निशांत जनौटी, प्रदीप कुमार गंगवार, फैकल्टी सदस्य गुंजन कालरा, कार्यालय अधीक्षक केबी जोशी सहित बीबीए विभाग के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
