लविशा

रुद्रपुर, 11 जून। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने भाजपा जिला कार्यालय, रुद्रपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कहा कि बीते ग्यारह वर्ष भारत के लिए परिवर्तन और प्रगति के युग साबित हुए हैं। उन्होंने इन वर्षों को ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की ऐतिहासिक यात्रा’ करार देते हुए कहा कि आज भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ा चुका है।

140 करोड़ देशवासियों का परिश्रम, सपनों और संकल्प का परिणाम: जोशी

मंत्री जोशी ने कहा कि मोदी सरकार का यह सफर केवल किसी दल या नेता की सरकार नहीं है, बल्कि यह 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं, परिश्रम और सपनों की परिणति है। इस दौर ने भारत की वैश्विक छवि को बदलकर रख दिया है। उन्होंने कहा कि शासन अब महज अधिकार नहीं रहा, बल्कि सेवा का माध्यम बन गया है। सरकार अब केवल शासक नहीं बल्कि सहभागी बनी है और सुशासन भारत की नई संस्कृति के रूप में स्थापित हो चुका है।

कृषि क्षेत्र में आया बड़ा बदलाव, बढ़ा किसानों का बजट

कृषि मंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में केंद्र सरकार ने कृषि बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी कर किसानों को प्रत्यक्ष लाभ पहुँचाया है। पहले योजनाओं का लाभ बिचौलियों तक सीमित रह जाता था, लेकिन अब डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से किसान लाभार्थियों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का केंद्रबिंदु गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं और वंचित वर्ग है।

“मोदी है तो मुमकिन है” का नारा बना जन-आस्था

गणेश जोशी ने कहा कि 2014 से पूर्व लोगों की सोच थी कि ‘यह नहीं हो सकता’, लेकिन अब सोच है ‘यह होगा और जरूर होगा’, क्योंकि “मोदी है तो मुमकिन है”। इस सोच ने देश का आत्मविश्वास लौटाया है।

आयुष्मान भारत से उज्ज्वला योजना तक, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुँचा

मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने आयुष्मान भारत योजना, मेक इन इंडिया, उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना जैसी योजनाओं के जरिये करोड़ों गरीबों, महिलाओं और किसानों को लाभ पहुँचाया है।

उन्होंने कहा कि भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने एक्सपोर्ट के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत स्थिति बनाई है।

ऐतिहासिक निर्णयों से बदली भारत की दिशा

गणेश जोशी ने मोदी सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि धारा 370 हटाना, तीन तलाक खत्म करना, वक्फ कानून में सुधार जैसे फैसलों ने भारत को एक नई सामाजिक और राजनीतिक दिशा दी है। विदेश नीति में भी भारत की सांस्कृतिक विरासत और पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से प्रस्तुत किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम को बताया ऐतिहासिक

प्रेस वार्ता में कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके तहत अब तक 57 नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है तथा 24 पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई है।

मंत्री ने बताया कि इस अभियान के चलते 23,000 से अधिक युवाओं को बिना सिफारिश और बिना भ्रष्टाचार के केवल योग्यता के आधार पर नौकरियाँ मिली हैं। पहली बार राज्य के इतिहास में एक साथ दो आईएएस, एक पीसीएस और 12 से अधिक अधिकारियों को निलंबित कर साफ संदेश दिया गया कि कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।

अब तक भ्रष्टाचार में संलिप्त 200 से अधिक अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। जनता को भ्रष्टाचार विरोधी टोल-फ्री नंबर 1064 उपलब्ध कराकर उनकी सीधी भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

“ईमानदार शासन की नींव रखी जा रही है”

मंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल कार्रवाई नहीं है, बल्कि ईमानदार शासन की नींव रखने की दिशा में राज्य सरकार का गंभीर प्रयास है। आमजन को अब यह भरोसा होने लगा है कि भ्रष्टाचार करने वाला कोई भी व्यक्ति बच नहीं सकता।

कृषि क्षेत्र में उत्तराखंड के विकास की नई कहानी

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के लिए कई योजनाएं लागू कर रही है जिनका सीधा लाभ राज्य के किसानों तक पहुँच रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार का प्रयास है कि किसान परंपरागत खेती से हटकर आधुनिक और लाभकारी खेती की ओर बढ़ें। इसके लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि, सिंचाई योजनाएं, पशुपालन और बागवानी मिशन जैसी योजनाओं को लागू किया गया है।

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, महामंत्री अमित नारंग सहित कई वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By admin