मुख्य बातें
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में रणनीतिक सलाहकार समिति की बैठक
समिति के जरिये राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास को मिलेगी नई दिशा
नवाचार व योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
समिति में पूर्व मुख्य सचिव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
देहरादून। मुख्यमंत्री आवास में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में राज्य की रणनीतिक सलाहकार समिति की अहम बैठक आयोजित हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देने में इस समिति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समिति के सुझावों और मार्गदर्शन से राज्य में नवाचार और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा, “यह समिति उत्तराखंड के विकास का मजबूत आधार तैयार करेगी। इसके माध्यम से प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों में तेज़ी से सुधार लाया जाएगा। हम हर क्षेत्र में नई सोच के साथ काम करेंगे ताकि उत्तराखंड विकास के नए मानक स्थापित कर सके।”
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम के साथ समिति के सदस्य और राज्य के पूर्व मुख्य सचिव श्री शत्रुघ्न सिंह, श्री इंदु कुमार पांडे और श्री मनु गौड़ भी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने राज्य के सर्वांगीण विकास को लेकर विभिन्न सुझाव रखे।
मुख्यमंत्री ने समिति के सदस्यों से आह्वान किया कि वे उत्तराखंड को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए ठोस रणनीतियों का खाका तैयार करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनसहभागिता को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
