मुख्य बातें
मुख्यमंत्री ने खुद किया योग, सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया भाग
योग को ‘आत्मिक जागरूकता’ और ‘चेतना की ऊंचाई तक पहुंचने का साधन’ बताया
उत्तराखण्ड को ‘वैश्विक योग राजधानी’ बनाने की सरकार की नीति लागू
ग्राम स्तर पर योग को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं तैयार, रोजगार के नए अवसर भी
प्रधानमंत्री मोदी की अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पहल की तारीफ

देहरादून। मुख्यमंत्री आवास परिसर में गुरुवार सुबह एक विशेष नजारा देखने को मिला। यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को ‘योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने’ का संदेश दिया। उनके साथ मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी योग करते नजर आए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक कसरत नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और आंतरिक शांति का रास्ता है। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से इंसान अपने चित्त को स्थिर कर सकता है और चेतना के उच्चतम स्तर तक पहुंच सकता है।

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति की महान परंपरा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “भारत ने हमेशा मानव मूल्यों को सर्वोपरि रखा है। हमारी सनातन संस्कृति का मूल स्तंभ योग है। यही कारण है कि आज पूरी दुनिया योग अपना रही है। करोड़ों लोग हर दिन योग कर भारतीय जीवनशैली को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं।”

सीएम धामी ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “2014 में प्रधानमंत्री मोदी जी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने का प्रस्ताव रखा था। 177 देशों ने इसका समर्थन किया और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित हुआ। इससे भारत को विश्वभर में एक नई पहचान मिली है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ऋषि-मुनियों की भूमि रही है, यहां की धरती योग से गहराई से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने योग को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए विशेष कदम उठाए हैं। सीएम ने कहा, “हर ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को योग से जोड़ा जा रहा है। योग प्रशिक्षकों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाए गए हैं। हम उत्तराखण्ड को ‘योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी’ बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने नई योग नीति भी लागू की है।”

मुख्यमंत्री ने आम जनता से आह्वान किया कि वे योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं, ताकि तन-मन स्वस्थ रहे और जीवन ऊर्जा से भरपूर बना रहे।

 

By admin